बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
कालपी/जालौन। तालाब तथा खाद के गड्ढों की सरकारी जमीन में अवैध कब्जा करना अतिक्रमणकारियों को भारी पड़ गया। उपजिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गठित टीम के स्थलीय निरीक्षण करके जेसीबी मशीन के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की, अभियान के दौरान अतिक्रमण में हड़कम्प मच गया।
कालपी तहसील क्षेत्र के ग्राम करनचंदपुर में स्थित सार्वजनिक तालाब तथा खाद के गढ्ढो की जमीन में कई लोग अतिक्रमण करके कब्जा किये हुए थे। जिसकी शिकायत मिलने पर नायब तहसीलदार तारा शुक्ला, लेखपालों जितेंद्र वर्मा, अमित कुमार, अनूप तिवारी तथा पुलिस टीम के साथ गांव पहुँचे तथा जेसीबी मशीन से सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। इस दौरान कई लोग इकट्ठा हो गए लेकिन राजस्व व पुलिस टीम के सामने किसी की भी नही चली। नायब तहसीलदार ने बताया कि सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा, सरकारी जमीनों में अवैध अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नही किया जाएगा।
