जालौन। जिले में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया। कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमरा बावनी में रहने वाले 34 वर्षीय राजन वर्मा ने पत्नी से हुए मामूली विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना दोपहर की है, जब राजन वर्मा और उनकी पत्नी विमला के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर राजन ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और पंखे से फांसी लगा ली। जब काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आई, तो चिंतित पत्नी ने खिड़की से झांककर देखा और पति को पंखे से लटका पाया।पत्नी की चीखें सुनकर मौके पर ग्राम प्रधान सहित अन्य ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। क्षेत्राधिकारी कालपी अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मौके की जांच की और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।13 साल पहले हुई शादी से राजन के दो बच्चे हैं – 12 वर्षीय पूर्वातिका और 7 वर्षीय अनुभव। पिता की मौत से बच्चों की हालत बेहद दयनीय है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।
