उरई। जिले में भूमाफियाओं का कारनामा सामने आया है। जिन्होंने कम पढ़े लिखे व्यक्ति को आधार कार्ड में संसोधन कराने का बहाना बनाकर जमीन हड़प ली। इतना ही नहीं भूमाफियाओं ने एक सोची समझी साजिश के तहत इस कारनामे को अंजाम दिया। जिस समय उन्होंने जमीन का बैनामा कराया तब पीड़ित किसान भूमिहीन था। कुछ समय बाद जब पीड़ित की मां की मौत हुई तब जाकर उसके नाम जमीन आई, तो पहले से बैनामा कराए बैठे भूमाफियाओं ने उसकी जमीन हड़प डाली। पीड़ित किसान ने मामले को लेकर डीएम को शिकायती पत्र सौंपा है।
जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे लाखन सिंह पुत्र राधे निवासी मिनौरा हाल निवास इंदिरा नगर उरई ने बताया कि वह कम पढ़ा लिखा व्यक्ति है। उसकी आराजी मिनौरा कालपी में जमीन थी। जिसका बैनामा कुल सिंह पुत्र राजबहादुर व गिरेन्द्र सिंह पुत्र फूल सिंह निवासी ग्राम सीकरी हाल निवास सुशील नगर उरई ने करा लिया था। पीड़ित ने बताया कि उक्त व्यक्ति भूमाफिया किस्म के व्यक्ति हैं। जिन्होंने उसे दुबारा 28 जुलाई 2020 को आधार कार्ड में संसोधन का बहाना बनाकर बुलाया और शराब पिलाकर उससे एक बैनामा करा लिया। जबकि उसके नाम जमीन नहीं थी। पीड़ित ने बताया कि कुछ समय बाद जब उसकी माँ की मौत हुई तो विरासत के आधार पर उसके नाम जमीन आई उक्त जालसाजों ने वही जमीन दर्शाकर उसकी जमीन हड़प ली। जबकि जब उससे बैनामा कराया गया तो वह भूमिहीन था। पीड़ित ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए जमीन दिलाने व उक्त लोगो के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही किये जाने की मांग की है।
