खुरई /सागर।
दिल्ली पब्लिक सेकेंडरी स्कूल खुरई में वार्षिक खेल महोत्सव 2026–27 का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित हुआ। पहले सत्र की थीम “दी ऐनीमल किंगडम” रही, जिसमें नर्सरी से कक्षा 3 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं दूसरे सत्र की थीम ” डी पी एस बियोंड लिमिट्स” रही, जिसमें कक्षा 3 से 12 वीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दो सत्रों में आयोजित हुआ खेल महोत्सव
पहले सत्र में मुख्य अतिथि खुरई सिटी थाना प्रभारी टीआई योगेंद्र सिंह डांगी एवं विशेष अतिथि डॉ. अर्पण समैया (एम.डी., रेडियो डायग्नोसिस) उपस्थित रहे। दूसरे सत्र में मुख्य अतिथि 31 एमपी बटालियन एनसीसी सागर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेंद्र सिंह तथा विशेष अतिथि डॉ. अर्पण समैया, सूबेदार नरेंद्रन एवं हवलदार मनजीत सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अंजुला रतन ने अतिथियों का स्वागत किया।
बैंड की धुन पर अतिथियों का स्वागत, मार्च पास्ट ने मोहा मन
अतिथियों का स्वागत विद्यालय के बैंड द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात गांधी, अंबेडकर, कलाम और टैगोर हाउस के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। अतिथियों ने परेड का निरीक्षण किया। खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ दिलाई गई तथा मशाल प्रज्वलन और टॉर्च रिले के साथ खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया दम
खेल महोत्सव में 100 मीटर, 200 मीटर, रिले रेस, हर्डल रेस, सैक रेस, थ्री लेग्ड रेस, बुक बैलेंस, पिज्जा डिलीवरी और ऑक्टोपस रेस सहित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छोटे बच्चों के लिए आयोजित फायर रिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नन्हे विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ अपनी प्रस्तुति दी, जिसे देखकर दर्शकों ने खूब सराहना की। इस प्रस्तुति में फायर रिंग के प्रभारी पीटीआई करतार सिंह यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में रंग भर दिए। विद्यार्थियों ने बिहू डांस, साड़ी ड्रिल, पीटी और डंबल ड्रिल की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा अभिभावकों एवं शिक्षकों के लिए भी विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गांधी हाउस ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप, कलाम हाउस रहा अनुशासन में प्रथम
विभिन्न प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर गांधी हाउस ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। गांधी हाउस के हाउस इंचार्ज विवेक सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, डिसिप्लिन श्रेणी में कलाम हाउस प्रथम स्थान पर रहा। विजेता विद्यार्थियों, हाउस इंचार्ज एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
खेलों से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता और टीम भावना : अतिथि
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या श्रीमती अंजुला रतन ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान हुआ और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अंजुला रतन सहित शिक्षकगण अमन मसीह, सी.बी. तिवारी, विवेक सिंह ठाकुर, पीटीआई करतार सिंह यादव, राजपाल सिंह, मुदित श्रीवास्तव, जितेंद्र सिंह, अभिषेक गोस्वामी, प्रभांशु मडोतिया, अंजू ठाकुर, संजना पटेल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
