झाँसी –व्यापारिक जगत के लिए हर्ष एवं गौरव का विषय है कि झाँसी व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष संतोष साहू को महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज द्वारा मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है।
संतोष साहू का मनोनयन रेल यात्रियों को उत्कृष्ट एवं बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार करने तथा रेलवे सेवाओं को अधिक जनोपयोगी एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से किया गया है। समिति के सदस्य के रूप में वे रेल यात्रियों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को रेलवे प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने के साथ ही यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं सुधार के लिए नवीन एवं व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत करेंगे।
संतोष साहू लंबे समय से व्यापारियों के हितों, सामाजिक सरोकारों एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। व्यापारी हितों के साथ-साथ जनहित के विभिन्न विषयों पर उनकी सक्रियता एवं संगठनात्मक कार्यशैली को देखते हुए उनका यह मनोनयन झाँसी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
