गुरसरांय (झांसी)। गरौठा, टहरौली व मऊरानीपुर सहित संपूर्ण झांसी जिले में फसल सर्वे के नाम पर खुली धांधली का आरोप• रिश्वत देने वालों की फसल बर्बाद दिखाकर बांटी राहत राशि, वांकी पीड़ित किसानों को दिखाया कम नुकसान • फसल बीमा क्लेम व आईजीआरएस शिकायतों के फर्जी निस्तारण की उच्च स्तरीय जांच की मांग, उग्र आंदोलन की चेतावनी जिला झांसी की गरौठा,टहरौली एवं मऊरानीपुर सहित सभी तहसीलों में अतिवृष्टि से बर्बाद हुई खरीफ फसलों के मुआवजा वितरण में हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार के खिलाफ एवं धराशायी हुए कच्चे मकानों नहीं मिल रही राहत राशि के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (आजाद हिन्द) ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के युवा जिलाध्यक्ष हरनारायण सिंह घोष ने इस गंभीर प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को लोकभवन कार्यालय, लखनऊ डाक के माध्यम से एक विस्तृत ज्ञापन भेजकर उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है।सर्वे के नाम पर चल रहा ‘कमीशनखोरी का खेल’मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में युवा जिलाध्यक्ष हरनारायण सिंह घोष ने आरोप लगाया है कि अगस्त-सितंबर माह में हुई भीषण अतिवृष्टि से किसानों की तिल,उड़द और मूंगफली की फसलें शत-प्रतिशत नष्ट हो चुकी हैं,वहीं कई परिवारों के कच्चे मकान भी गिर गए हैं। शासन द्वारा घोषित फसल नुकसान राहत राशि ₹8,500 से ₹17,000 प्रति हेक्टेयर पात्र किसानों तक पहुंचने के बजाय भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है। तहसीलों में तैनात भ्रष्ट लेखपाल और उनके दलाल खुलेआम कमीशन मांग रहे हैं। जो किसान रिश्वत दे रहे हैं, कागजों में उनकी फसल का नुकसान दिखाकर मुआवजा दिया जा रहा है, जबकि रिश्वत न दे पाने वाले पीड़ित किसानों का नुकसान बेहद कम दर्शाकर उन्हें उचित राहत राशि से वंचित किया जा रहा है।फसल बीमा और आइजीआरएस पोर्टल पर भी खानापूर्ति ज्ञापन में बताया गया कि जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के तहत प्रीमियम कटवाया था, उन्हें भी बीमा कंपनियां और स्थानीय प्रशासन तकनीकी खामियों व सर्वे रिपोर्ट का बहाना बनाकर क्लेम नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा, जब पीड़ित किसान मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल आइजीआरएस पर शिकायत करते हैं, तो लेखपाल बिना मौके पर जाए कार्यालय में बैठकर ही मनगढ़ंत व झूठी आख्या लगाकर शिकायत का फर्जी निस्तारण कर देते हैं।बार-बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद तहसील प्रशासन की संदिग्ध चुप्पी कई बड़े सवाल खड़े कर रही है।भाकियू (आजाद हिन्द) की 6 प्रमुख मांगें: झांसी की सभी तहसीलों में हुए फसल क्षति सर्वे, राहत राशि वितरण और तहसील प्रशासन की संदिग्ध भूमिका की स्वतंत्र उच्च स्तरीय समिति से निष्पक्ष जांच कराई जाए।बीमा कंपनियों को सख्त निर्देश देकर बीमित किसानों की नष्ट हुई खरीफ फसल का बीमा क्लेम तत्काल उनके खातों में भिजवाया जाए। राहत राशि के सरकारी मानकों (प्रति हेक्टेयर दर व अनुपात) तथा लाभान्वित व वंचित किसानों की सूची को तहसील व ग्राम पंचायत स्तर पर सार्वजनिक किया जाए। जनसुनवाई पोर्टल आइजीआरएस पर लगी फर्जी आख्याओं को निरस्त कर पीड़ित किसानों की मौजूदगी में पारदर्शी ढंग से पुनः सर्वे कराया जाए। बिना बिचौलियों के सीधे खाते में मुआवजा भेजा जाए और जिनके कच्चे मकान गिरे हैं, उन्हें मुआवजा व मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। अवैध वसूली व गलत रिपोर्ट लगाने वाले भ्रष्ट लेखपालों और दलालों को चिह्नित कर तत्काल निलंबित व सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।युवा जिलाध्यक्ष हरनारायण सिंह घोष ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा इस भ्रष्टाचार पर तत्काल अंकुश लगाकर पीड़ित किसानों को न्याय, राहत राशि और बीमा क्लेम नहीं दिलाया गया, तो भारतीय किसान यूनियन (आजाद हिन्द) किसानों के हक के लिए बाध्य होकर उग्र आंदोलन छेड़ेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन व स्थानीय प्रशासन की होगी।
