गुरसरांय(झांसी)। नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय बड्स एन ब्लूम्स ने नवीन परिसर में 14 नवंबर,बाल दिवस के अवसर पर भव्य बाल मेले का आयोजन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्ता प्रधान प्रतिनिधि श्याम सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन, पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं फीता काटकर किया गया।कार्यक्रम का प्रारंभ शिक्षकों द्वारा आयोजित प्रार्थना सभा एवं बच्चों को समर्पित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षकों नेसमूह नृत्य एवं एकल गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। एकल गीत की सुंदर प्रस्तुति पिंकी मैम एवं बबीता मैम द्वारा दी गई। इसके उपरांत विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अमिता पटेल ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रेरणादायक संदेश दिया।बाल मेले की घोषणा होते ही विद्यालय परिसर बच्चों के उत्साह और उमंग से गूंज उठा। बच्चों ने अपने-अपने रंग-बिरंगे स्टॉल सजाए, जिनमें विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट एवं लजीज व्यंजनों की आकर्षक व्यवस्था की गई। मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मेले में बढ़-चढ़कर सहभागिता की तथा बच्चों के उत्साहवर्धन के साथ जमकर खरीदारी भी की।बच्चों के मनोरंजन के लिए मिकी माउस, झूले एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियों की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसका बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। पूरा विद्यालय परिसर हंसी, खुशी और उत्साह से सराबोर नजर आया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक पुरुषोत्तम पटेल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों,शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती नीरज पाठक एवं श्रीमती पूजा पानिग्रही द्वारा किया गया।इस प्रकार बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए मनोरंजन,रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सीखने का एक यादगार अवसर बन गया।वही नगर के खेर इंटर कॉलेज में विशाल बाल मेले का आयोजन किया गया ,जिसमें छात्र छात्राओं ने आकर्षक दुकानें सजाई।इस दौरान जलेबी दौड़ एवं कुर्सी दौड़ का आयोजन किया गया।मेले का का उद्घाटन विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष पंडित देवेश पालीवाल,प्रबंधक मनोहर राव नेवालकर एवं प्रधानाचार्य धन प्रकाश तिवारी ने किया।निर्णायक मंडल में अर्चना मोदी,रजनी यादव,खुशबू जैन,संजय दोन्देरिया रहे।संचालन सुनील कुमार व्यास ने किया।अंत में बालिका विभाग के प्रभारी कैलाश प्रकाश गुप्ता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
