समथर (झांसी) हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समथर नगर के अग्गा बाजार स्थित रामलीला मैदान में रामयश प्रचारक मंडल के पूर्व मैनेजर स्मृति शेष रमेश दादू की पुन्य स्मृति में लोकगीत व भजन संध्या कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोकगीत भजन संध्या कार्यक्रम का आयोजन स्मृति शेष रमेश दादू के पुत्र संयोजक इंद्रजीत सिंह उर्फ इंदू यादव के द्वारा आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सपा के पूर्व गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव के मुख्य आतिथ्य में किया गया। उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिसमें अपनी टीम सहित वाहर से आये हुए कलाकार लोकगीत सम्राट जय सिंह राजा ने सुर सरगम की ताल में लोकगीत व भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम की सोभा बढ़ाई। उन्होंने लोकगीत भजन प्रस्तुत कर प्रांगण में उपस्थित नगर के श्रोतागणों के मन को खूब लुभाया। कार्यक्रम संयोजक इंदू यादव द्वारा मंच पर उपस्थित मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों व कलाकारों का माल्यार्पण कर स्वागत किया एवं श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया। कलाकारों ने सुर सरगम की ताल में एक से एक लोकगीत भजन प्रस्तुत किए जिन्हें सुन प्रांगण में श्रोताओं की भीड़ लगी रही। श्रोताओं ने प्रसन्न होकर कलाकारों के उत्साह हेतु भजन सुनकर तालियों से उनका स्वागत किया। नगर के कुछ लोगों ने बताया कि स्मृति शेष रमेश दादू रामयश प्रचारक रामलीला मंडल के लंबे समय तक मैनेजर रहे उन्होंने अपने जीवन-काल में अपना दायित्व पूर्ण निष्ठा से निभाया। उन्होंने मंडल कमेटी की जिम्मेदारी के साथ साथ रामलीला में रावण का अभिनय किया और दर्शकों के मन को खूब लुभाया। जीवन के अंत तक वह रामलीला में रावण का अभिनय एवं सेवा कर भगवान की लीलाओं का रसपान करते रहे। लोकगीत भजन संध्या कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा जब तक कार्यक्रम चलता रहा प्रांगण में श्रोताओं की भीड़ लगी रही। कार्यक्रम के अंत में संयोजक ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नगर व ग्रामीण क्षेत्र के बहुत से लोग उपस्थित रहे।
