मोंठ (झाँसी)। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना मोंठ पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी श्री विकास कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार और क्षेत्राधिकारी मोंठ श्री सुनील कुमार शर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना मोंठ की एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।
इंदिरा चौराहे के पास से हुई गिरफ्तारी
दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को कोचिंग संस्थानों, कॉलेजों के आसपास और प्रमुख चौराहों पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के मद्देनजर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान कस्बा मोंठ के इंदिरा चौराहे के पास से इमरान पुत्र इस्लाम, निवासी मोहल्ला इंदिरा चौराहा, थाना मोंठ, जिला झाँसी, उम्र करीब 30 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त पर सार्वजनिक स्थान पर आने-जाने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति अश्लील शब्दों का प्रयोग करने और अशोभनीय हरकतें करने का आरोप है।
बीएनएस की धारा 296(a) में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना मोंठ में मु0अ0सं0 187/2026, धारा 296(a) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता और अशोभनीय गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
