समथर, झांसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर नगर पालिका परिषद समथर में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह कंसाना एवं अधिशासी अधिकारी महेंद्र कुमार चौधरी ने दोनों महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद नगर पालिका परिसर स्थित महात्मा गांधी पार्क में प्रतिमा पर तिलक एवं माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
जयंती समारोह में नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह कंसाना ने महिला सफाई कर्मचारी रानी देवी, अनीता देवी एवं बबीता देवी तथा पुरुष सफाई कर्मचारी शिवम, रंजीत एवं रविन्द्र को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समाजसेवा की प्रेरणा देता है। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग माना था। उनके विचारों को अपनाते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके अथक परिश्रम और समर्पण से ही नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प साकार होता है। ऐसे कर्मयोगियों का सम्मान करना उनके प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का एक माध्यम है।
कार्यक्रम में राजेश श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद पवन बुलकिया, प्रतिपाल सिंह दांगी, पार्षद अरविंद श्रीवास, राजेंद्र पांचाल, चंद्रपाल सिंह गुर्जर, विक्रम सिंह कंसाना, अरविंद कुमार वाल्मीकि, अवधेश कुमार झां, जितेंद्र वर्मा, महिला पार्षद देवी उर्फ बेबी, मनोनीत पार्षद श्याम बिहारी दुबे, मनोज तिवारी, पालिका कर्मचारी लेखा लिपिक राम कुमार पलिया, लिपिक अनिल कुमार, राजकुमार सेन, हेमंत तिवारी, सुनील श्रीवास्तव, सुरेंद्र पाल, सोनू नामदेव, मुकेश पाल, मानवेंद्र सिंह (ध्रुव गुर्जर), धनंजय सिंह, नीतेश शर्मा, राजेश झा, रामजी मुद्गल, शैली नगाइच, शोभित गुप्ता, दिनेश रायकवार, अमन महंत, हर्षल दांगी, रामू रायकवार, राममिलन पांचाल, द्वारका प्रसाद, महेंद्र कुमार एवं अरविंद बाबा सहित पालिका कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
