गुरसरांय (झांसी)। थाना गुरसरांय क्षेत्र के नारायणपुरा स्थित देशी शराब की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने, शराब की पेटियां और नकदी लूटने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने दुकान संचालक की तहरीर पर नामजद आरोपियों सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई बस्ती कटरा निवासी प्रिंस अग्रवाल पुत्र अशोक कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नारायणपुरा स्थित देशी शराब की दुकान उनके नाम से आवंटित है। दुकान पर सेल्समैन भूपेंद्र सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह चौहान निवासी रेंज चौराहा गुरसरांय कार्यरत हैं।आरोप है कि 2 नवंबर 2026 को रात में दशरथ कुशवाहा, केशव कुशवाहा, लख्खू कुशवाहा सहित कई महिलाएं और अन्य लोग दुकान पर पहुंचे और तोड़फोड़ करने लगे।आरोपियों ने दुकान में रखी करीब 148 पेटी देशी शराब उठा ली तथा सड़क पर तोड़ दी। इसके अलावा गोलक में रखे 16,875 रुपये निकाल लिए और दुकान से संबंधित कागजात भी फाड़ दिए। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। पुलिस ने 3 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उपनिरीक्षक महेंद्र भदौरिया को विवेचना सौंपी है। मामले की जांच जारी है।
