रिपोर्ट : नीलेश एन.के.डी.
कस्बा मोंठ के मोहल्ला महावीरपुरा निवासी देवेंद्र अग्रवाल ने अपने मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले जाने की शिकायत की है। पीड़ित ने दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपने मकान की सुरक्षा तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से मकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे।
देवेंद्र अग्रवाल के अनुसार, उनकी उक्त जमीन को लेकर पहले से विवाद भी चल रहा है। उनका आरोप है कि बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मकान के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़कर अपने साथ ले गया। इससे उन्हें किसी अप्रिय घटना की आशंका होने लगी है। उन्होंने कहा कि कैमरा हटाए जाने के बाद अब जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर अज्ञात आरोपी की पहचान करते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
