संवाददाता – नीलेश एन.के.डी
मोंठ (झांसी)। उपजिलाधिकारी अवनीश तिवारी एवं तहसीलदार ज्ञानेंद्र सिंह ने मंगलवार रात करीब 9 बजे मोंठ नगर पंचायत में संचालित रैन बसेरा का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने रैन बसेरा में ठहरे जरूरतमंद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, कंबल, बिस्तर एवं सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। जांच में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। रैन बसेरा में रह रहे लोगों ने भी उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया और किसी प्रकार की असुविधा या शिकायत नहीं बताई।
इस अवसर पर एसडीएम अवनीश तिवारी ने नगर पंचायत के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सर्दी के मौसम को देखते हुए रैन बसेरा में आने वाले प्रत्येक जरूरतमंद को समय पर कंबल उपलब्ध कराए जाएं तथा सुरक्षित व सुव्यवस्थित ठहराव सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी को परेशानी न हो।
