संवाददाता – नीलेश एन.के.डी.
मोंठ थाना क्षेत्र के कुम्हरार गांव की दलित बस्ती में खोले गए शराब के ठेके ने ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बच्चों का जीना दूभर कर दिया है। आए दिन शराबियों की हरकतों से परेशान महिलाएं बुधवार को बड़ी संख्या में एकत्र होकर मोंठ तहसील पहुंचीं और एसडीएम से मुलाकात कर शराब का ठेका तुरंत हटवाने की मांग की। महिलाओं ने बताया कि ठेके के चलते गांव का माहौल लगातार बिगड़ रहा है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
शराबियों के हंगामे से परेशान ग्रामीण
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि शराब ठेका खुलने के बाद से शराबियों का जमावड़ा दिन-रात लगा रहता है। आए दिन शराब पीकर लोग गाली-गलौज करते हैं, झगड़े और हंगामा करते हैं। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा महिलाओं और बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। महिलाओं का कहना है कि कई बार तो शराबियों की हरकतें इतनी असहनीय हो जाती हैं कि झगड़े-फसाद का माहौल बन जाता है।
ग्रामीणों ने मांग की कि शराब का ठेका आबादी से दूर सुनसान इलाके में स्थानांतरित किया जाए, ताकि गांव का माहौल शांतिपूर्ण रह सके और बच्चों की शिक्षा तथा महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित न हो।
अधिकारियों ने दिया आश्वासन
महिलाओं के विरोध और शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। अगर ठेका नियम विरुद्ध पाया जाता है तो उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन ग्रामीणों की सुरक्षा और बच्चों की पढ़ाई पर किसी प्रकार का संकट नहीं आने दिया जा सकता।
