टीकमगढ़। त्रिदेव हनुमान मंदिर में रविवार को दिव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान बुंदेलखंड पीठाधीश्वर और त्रिदेव हनुमान मंदिर के महंत सीताराम दास महाराज ने श्रद्धालुओं के साथ होली मनाई। उन्होंने बुंदेली फाग गीत गाकर जहां लोगों को थिरकने के लिए मजबूर किया। वहीं जमकर गुलाल भी उड़ी। मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने बुंदेलखंड पीठाधीश्वर महाराज पर फूलों की वर्षा की और एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के बाद भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद का आनंद लिया। गौरतलब है कि त्रिदेव हनुमान मंदिर धजरई में प्रत्येक वर्ष रंग पंचमी पर होली महोत्सव का आयोजन किया जाता था। इस बार रंग पंचमी के मौके पर महंत सीताराम दास महाराज की कथा होना है, जिसके चलते होली से 2 दिन पहले रविवार को दिव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया। संगीतमय भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक फाग के धार्मिक गीतों की प्रस्तुतियां दीं। संगीतमय होली महोत्सव में एक से बढ़कर एक फाग गीतों पर लोग थिकरते हुए नजर आए। वहीं खूब गुलाल उड़ाई गई और फूलों की वर्षा हुई। फूलों की होली के चलते महिलाओं ने भी नृत्य किया।
महंत सीताराम दास महाराज ने बताया कि होली से पहले वृंदावन धाम में फूलों की होली का बड़ा महत्व है। इसलिए धजरई हनुमान मंदिर में फूलों की होली के साथ गुलाल की होली खेली गई। रविवार को दोपहर 3 बजे तक संगीतमय होली महोत्सव का आयोजन हुआ। उसके बाद भंडारा शुरू किया गया, जिसमें सभी भक्तों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। बुंदेलखंड पीठाधीश्वर महंत सीताराम दास महाराज ने बताया कि सोमवार को श्रीधाम वृंदावन पहुंचेंगे। अब 2 अप्रैल को बुंदेलखंड पीठाधीश्वर टीकमगढ़ प्रवास पर पहुंचेंगे।
बुंदेलखंड पीठाधीश्वर के साथ श्रद्धालुओं ने खेली फूलों की होली
