
रिपोर्ट -शौकीन खान/कौशल किशोर गुरसरांय
गुरसरांय (झांसी)। पुत्र का जन्मदिन मनाने आ रहे मोटरसाइकिल सवार लोगों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर। दो की मौत एक मेडिकल कॉलेज झांसी रिफर। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची गुरसरांय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों मृतक रिश्ते में जीजा साले थे।
जानकारी के अनुसार ग्राम धनौरा निवासी ईश्वरदास पुत्र नत्थू अपने साले के रामस्वरूप उर्फ भज्जू पुत्र बृजलाल निवासी ग्राम पुरातनी एवं गांव के ही वृन्दावन पाल पुत्र भंसे पाल निवासी धनौरा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्राम धनौरा से गुरसरांय ग्राम मड़ोरी में अपने पुत्र शिव सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए शुक्रवार की देर रात मोटरसाइकिल से आ रहे थे। क्योंकि ईश्वरदास का पुत्र शिव सिंह ग्राम मड़ोरी में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिये रहता था। जैसे ही यह लोग शुक्रवार की देर रात लगभग 8 बजे के आस पास गढ़वई के तालाब के पास आये किसी अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी और भाग गया जिसमें सभी लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। निकलते राहगीरों ने गुरसरांय पुलिस को घटना की जानकारी दी जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष गुरसरांय ललितेश नारायण त्रिपाठी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर ग्राम गढ़बई पहुंचे और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुरसरांय भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा ईश्वरदास उम्र लगभग 40 वर्ष निवासी धनौरा एवं रामस्वरूप उर्फ भज्जू उम्र लगभग 35 वर्ष को मृत घोषित कर दिया जबकि वृंदावन पाल उम्र लगभग 60 वर्ष को गम्भीर स्थिति में मेडिकल कालेज झांसी के लिये रिफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी आ गये और घरों में कोहराम मच गया।