
रिपोर्ट-शौकीन खान/कौशल किशोर गुरसरांय
गुरसरांय (झांसी)।शनिवार को ठंड ने फिर वापसी कर ली है। न्यूनतम पारा भी बढ़कर नौ डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने रविवार से फिर से कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना जताई है।पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद वहां से आईं उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से जनवरी के प्रथम सप्ताह से कड़ाके की सर्दी पड़नी शुरू हो गई थी। न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 3.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। दिन में भी 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की वजह से गलन हो गई थी। जगह-जगह पर दिन में भी अलाव जलने लगे थे। मगर हवाओं का रुख बदलते ही तापमान में इजाफा हुआ। शीत लहर भी मंद पड़ गई। और दिन में तेज धूप भी निकलने लगी थी। पर अब फिर से ठंड ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग के आंकड़े देखें तो अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। ये सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आगामी एक-दो दिनों में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में रविवार से फिर से कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे भी जा सकता है। जबकि, न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है।